लखनऊ। माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के आर्थिक साम्राज्य पर चोट पहुंचाने और प्रदेश की जनता को यह संदेश देने के लिए कि अब ऐसे लोगों के दिन लद गए हैं योगी सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंसारी के बेटों के नाम पर बनी दो बिल्डिंगों को जमींदोज कर दिया। यह दोनों ही भवन शत्रु संपत्ति पर बनी थीं। उल्लेखनीय है कि मुख्तार का विवादित संपत्तियों के मामले निपटाने या ऐसी संपत्तियों को कौड़ी के दाम पर खरीदने का बड़ा व्यापार है। मुख्तार के डर से कोई भी पक्ष आवाज नहीं उठाता था। प्रदेश में बनने वाले तमाम बड़े प्रोजेक्ट में संरक्षण के नाम पर मुख्तार अपना हिस्सा तय कर लेता था और बिना किसी निवेश के ही करोड़ों की संपत्ति हासिल कर लेता था। लखनऊ से इलाहाबाद और वाराणसी से बलिया तक मुख्तार का ही सिक्का चलता था। वीरवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण ने 20 जेसीबी मशीनें लेकर मुख्तार के इन अवैध भवनों को गिरा दिया। राजनीतिक संरक्षण की वजह से पिछले तीन दशकों से कोई भी सरकार मुख्तार के आर्थिक साम्राज्य को हिलाने की कोशिश नहीं कर सकी थी। लेकिन, योगी सरकार ने मुख्तार व उसके गुर्गों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है और उसी क्रम में यह ताजा कार्रवाई की गई है। आने वाले समय में मुख्तार के साथ ही पूर्वांचल के दूसरे डॉन अतीक अहमद पर भी कार्रवाई हो सकती है।
मुख्तार अंसारी के खिलाफ योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई, शत्रु संपत्ति पर बनी दो बिल्डिंगें गिराईं
