देहरादून। गुरुवार को उत्तराखंड में पर्यावरण पर्व हरेला का अवकाश रहेगा। संपन्नता, हरियाली, पशुपालन और पर्यावरण संरक्षण का सन्देश देने वाले हरेला पर्व को वृक्षारोपण त्योहार के रूप में भी मनाया जाता है। श्रावण मास में हरेला पूजने के उपरान्त पौधे लगाये जाने की भी परम्परा रही है। राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लोगों को बधाई देते हुए कहा कि हरेला पर्व हमारी लोक संस्कृति, प्रकृति एवं पर्यावरण के साथ जुड़ाव का भी प्रतीक है। प्रकृति को महत्व देने की हमारी परम्परा रही है। प्रकृति के विभिन्न रूपों की हम पूजा करते हैं। हमारी इन परम्पराओं का वैज्ञानिक आधार भी है। उन्होंने सभी से इस महत्वपूर्ण अवसर पर सक्रिय भागीदारी के साथ हर व्यक्ति से एक पौधा लगाने की अपील की है। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री मालदेवता क्षेत्र के अस्थल में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ करेंगे।