अथहर महमूद सिद्दिकी
कालागढ़। जिम कार्बेट से लगे हुए कालागढ़ में लगातार वन्य जीवों की आमद बढ़ रही है। सांपों के बाद अब यहां कुछ दुर्लभ किस्म के जीव भी नजर आने लगे हैं। ताजा मामला लाल उल्लू का है। यह उल्लू हायडिल कालोनी के ग्राउंड में घायल हालत में मिला है। वन विभाग के दल ने तत्काल ही इसका उपचार शुरू कर दिया है और उसे दो-तीन दिन में जिम कार्बेट में छोड़ा जाएगा। कालागढ़ के उप प्रभागीय वन अधिकारी कुंदन सिंह खाती ने बताया कि यह दुर्लभ प्रजाति का उल्लू है और बहुत ही कम दिखाई देता है। इसे प्राच्य स्कूप उल्लू कहा जाता है।
कार्बेट नेशनल पार्क दुनिया भर के पक्षियों की प्रजातियों से समृद्ध है। खाती के अनुसार कार्बेट नेशनल पार्क के वनों में उल्लू की अनेक प्रजातियां पाई जाती हैं। यहां लाल उल्लू का मिलना बहुत ही खास बात है। इसे प्राच्य स्कूप उल्लू भी कहा जाता है। शर्मिला होने के कारण यह सामने नहीं आता है। यह मूल रूप से मेडागास्कर का निवासी है।
