देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार पिंजरे में कैद है और प्रदेश में हालात बहुत ही खराब है। उन्होंने कहा कि चुनावों में सरकार ने जो बड़े-बड़े दावे किए थे, हम उनके बारे में 2022 के चुनाव में भाजपा से सवाल पूछेंगे। इससे पूर्व प्रीतम सिंह ने रविवार रात्रि हुई भारी बरसात के बाद देहरादून महानगर के कई इलाकों में आई आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया तथा स्थानीय प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित धरना कार्यक्रम के उपरांत महानगर के आपदा प्रभावित गांधी बस्ती, पंचपुरी डालनवाला क्षेत्र का दौरा कर आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने घटना स्थल से उपजिलाधिकारी देहरादून से दूरभाष पर वार्ता कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित गति से राहत एवं बचाव कार्यों में पीड़ितों की सहायता कर आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये। उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से भी मांग की कि राज्यभर में हो रही भारी बरसात के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत उपलब्ध कराई जानी चाहिए। प्रीतम सिंह ने देहरादून शहर के गोविन्दगढ़, टीचर कालोनी, मित्रलोक कालोनी, जवाहर कालोनी, श्रीदेव सुमन नगर में आपदा से हुए नुकसान की भी जानकारी प्राप्त की तथा प्रभावितों को उचित मुआवजा दिये जाने की मांग की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के साथ पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, पार्षद आनन्द त्यागी, प्रवीन त्यागी, जागीर खान, अरुण कुमार आदि भी मौजूद थे।
