चंडीगढ़ प्रशासन की कोरोना संक्रमण कम करने की रणनीति सफल नहीं हो रही है। रोजाना नए पॉजिटिव मामले सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 29 केस आए हैं, उनमें हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का कुक भी पॉजिटिव पाया गया है। सिविल अस्पताल-22 में फार्मासिस्ट जगजीत कौर भी पॉजिटिव पाई गई हैं। वह कई दिन से बीमार थीं और शुक्रवार को सैंपल लिया गया। नए केस आने से यहां मरीजों की संख्या 864 हो गई है। उधर, शहर के प्रमुख एलांते मॉल में लाइफ स्टाइल शोरूम में कार्यरत एक नेशनल बैंक का कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया है। वह क्रेडिट कार्ड बनवाता था। इस कर्मी के संपर्क में 123 लोग बताए जा रहे हैं। इनको तलाशा जा रहा है। एलांते मॉल ने कहा है कि 19 जुलाई के बाद से कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आया था। शोरूम बंद कर दिया गया है। सैनिटाइज करने के बाद ही इसे ओपन किया जाएगा। स्टाफ को क्वारेंटीन किया गया है।
चंडीगढ़ के एलांते मॉल में कर्मचारी को कोरोना से हड़कंप
