रोहतक। नवनिर्वाचित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की ताजपोशी के कार्यक्रम में एक व्यक्ति ने दोनों पैरों की नसों को काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। जब यह घटना हुई उस समय मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी कार्यक्रम में थे मौजूद थे और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला का भाषण चल रहा था। पैरों की नसों को काटने वाला व्यक्ति रोहतक जिले के कंसाला गांव का राजवीर है। वह एक साल पहले एसपी ऑफिस में भी पैर की नसें काटकर आत्महत्या करने का प्रयास कर चुका है। उसने पुलिस पर काफी गंभीर आरोप भी लगाए हैं। वह सुसाइड नोट भी साथ लेकर आया था। हालांकि पुलिस मौके से उसे उठाकर अस्पताल ले गई है। हरियाणा में अधिकारियों मंत्रियों या मुख्यमंत्री का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए अनेक बार ऐसी घटनाएं होती रही हैं। राजवीर की कोशिश भी अपनी समस्या की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करना अधिक लगता है।